Search

July 8, 2026 10:14 pm

मड़वा, ज्वार और बाजरा की खेती को बढ़ावा, किसानों को मिलेगा तीन हजार प्रति एकड़ प्रोत्साहन।

इकबाल हुसैन

महेशपुर। प्रखंड के कुतुबपुर गांव में आयोजित कृषक गोष्ठी सह मिलेट मिशन योजना कार्यक्रम में किसानों को वैज्ञानिक खेती, मृदा स्वास्थ्य और मिलेट उत्पादन बढ़ाने के उपायों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को आधुनिक एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियों से जोड़ना और मोटे अनाज की खेती के प्रति प्रोत्साहित करना था।
सहायक तकनीकी प्रबंधक अभिजीत कुमार शिल ने बताया कि मिलेट मिशन योजना के तहत ज्वार, बाजरा और मड़वा की खेती करने वाले किसानों को प्रति एकड़ ₹3000 की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसके लिए किसानों को प्रज्ञा केंद्र में पंजीकरण कराना अनिवार्य है। उन्होंने किसानों से मृदा परीक्षण कराकर मृदा स्वास्थ्य कार्ड के अनुरूप उर्वरकों का संतुलित उपयोग करने की अपील की। साथ ही हरा खाद, जीवामृत, पीएसबी कल्चर, राइजोबियम, एजोटोबैक्टर और केंचुआ खाद जैसे जैविक विकल्प अपनाने तथा फसल चक्र का पालन करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक एवं संतुलित खेती से उत्पादन लागत घटती है, मिट्टी की उर्वरता बनी रहती है और किसानों की आय में वृद्धि होती है।
कार्यक्रम में खरीफ फसलों की उन्नत खेती तकनीकों के साथ कृषि एवं संबद्ध विभागों की विभिन्न योजनाओं की भी जानकारी दी गई। गोष्ठी में ग्राम प्रधान, वार्ड सदस्य, किसान मित्र दिलीप सोरेन समेत बड़ी संख्या में महिला और पुरुष किसानों ने भाग लिया।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!