राजकुमार भगत
पाकुड़। ओपन स्काई स्मार्ट स्कूल, पाकुड़ में शुक्रवार को अग्निशमन विभाग की ओर से अग्नि सुरक्षा को लेकर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अग्निशमन पदाधिकारी अजय कुमार सिंह, प्रधान अग्नि चालक कृष्ण वल्लभ कुमार राय तथा अग्नि चालक खातिरन होरो ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को आग लगने की स्थिति में बचाव और नियंत्रण के प्रभावी तरीकों की जानकारी दी। प्रधान अग्नि चालक कृष्ण वल्लभ कुमार राय ने बताया कि विद्युत शॉर्ट सर्किट, गैस सिलेंडर और अन्य कारणों से लगी आग को अलग-अलग तरीकों से बुझाया जाता है। उन्होंने विभिन्न प्रकार के अग्निशामक यंत्रों (फायर एक्सटिंग्विशर) की उपयोगिता समझाते हुए बताया कि किस प्रकार की आग पर किस सिलेंडर का इस्तेमाल किया जाना चाहिए। इसके बाद मॉक ड्रिल के दौरान अलग-अलग प्रकार की आग बुझाकर विद्यार्थियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया, जिससे बच्चों ने आपात स्थिति में सही तरीके से प्रतिक्रिया देने की जानकारी हासिल की। उन्होंने कहा कि कहीं भी आग लगने की घटना होने पर घबराने के बजाय तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दें, ताकि समय पर पहुंचकर आग पर काबू पाया जा सके और जान-माल के नुकसान को कम किया जा सके।
विद्यालय के निदेशक मनोज भगत ने अग्निशमन विभाग का आभार जताते हुए कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण बच्चों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं। उन्होंने भविष्य में भी विद्यालय में नियमित रूप से ऐसे मॉक ड्रिल आयोजित करने का आग्रह किया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।








