Search

July 9, 2026 12:32 am

सूने मकान का ताला तोड़ चोरों ने उड़ाए जेवर व सामान, पुलिस जांच में जुटी

पाकुड़। नगर थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला हरिणडांगा बाजार स्थित मंसूरी मुहल्ला का है, जहां चोरों ने एक सूने मकान का ताला तोड़कर जेवरात और घरेलू सामान की चोरी कर ली। घटना को लेकर पीड़िता नूरजहां खातून ने नगर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत के अनुसार, नूरजहां खातून पिछले सात वर्षों से मंसूरी मुहल्ला में किराये के मकान में रह रही हैं। करीब दो महीने पहले वह अपने मायके तांतीपाड़ा गई थीं। बुधवार सुबह जब वह वापस लौटीं तो मकान के मुख्य दरवाजे और अंदर रखी अलमारी का ताला टूटा मिला। घर का सामान बिखरा पड़ा था। पीड़िता ने बताया कि चोर अलमारी का ताला तोड़कर करीब 10 भरी चांदी की पायल, छह आना वजन की सोने की बाली, कांसे के बर्तन तथा एक टेबल फैन चोरी कर ले गए। उन्होंने चोरी गए सामान की बरामदगी और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
लिखित शिकायत मिलने के बाद नगर थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर चोरों की पहचान में जुटी है। इधर, लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में दहशत है। लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और चोरी की वारदातों पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!