पाकुड़ में विशेष अभियान शुरू, हर मंगलवार और शुक्रवार को लगेंगे शिविर; उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने किया शुभारंभ।
पाकुड़। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय पेंशन योजना के लाभुकों के लिए राहत भरी खबर है। पेंशन भुगतान में किसी तरह की बाधा न आए, इसके लिए जिला प्रशासन ने डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट (डीएलसी) बनवाने का विशेष अभियान शुरू कर दिया है। अभियान का शुभारंभ शुक्रवार को समाहरणालय परिसर में उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने फीता काटकर किया।
शिविर के दौरान उपायुक्त ने लाभुकों से संवाद कर मईया सम्मान योजना के तहत राशि मिलने की जानकारी ली। लाभुकों ने बताया कि उन्हें योजना की राशि मिल चुकी है। उपायुक्त ने सभी पात्र लाभुकों से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने और निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अवश्य बनवाने की अपील की। जिले में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय पेंशन योजना के कुल 25,332 लाभुक पंजीकृत हैं, जिनमें से 4,997 लाभुकों का डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अभी लंबित है। इन्हीं लंबित मामलों का समय पर निपटारा करने के लिए जिला, प्रखंड और अंचल स्तर पर विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। जिला प्रशासन के अनुसार यह अभियान 10 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक चलेगा। इस दौरान प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तथा दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक जिलेभर में शिविर आयोजित किए जाएंगे। उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने स्पष्ट किया कि समय पर डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जमा नहीं कराने पर पेंशन भुगतान में परेशानी हो सकती है। इसलिए सभी शेष लाभुक निर्धारित तिथि पर अपने निकटतम शिविर में पहुंचकर डीएलसी बनवाना सुनिश्चित करें। शुभारंभ कार्यक्रम में जिला पंचायत राज पदाधिकारी एवं सामाजिक सुरक्षा कोषांग के सहायक निदेशक सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।







