Search

July 10, 2026 10:38 pm

स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर प्रशासन अलर्ट, स्कूल बसों की जांच, सुरक्षा मानकों में ढिलाई पर होगी कार्रवाई

पाकुड़। स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने स्कूल वाहनों की जांच तेज कर दी है। शुक्रवार को उपायुक्त के निर्देश पर जिला परिवहन विभाग की टीम ने जिले के निजी विद्यालयों में संचालित स्कूल बसों का विशेष निरीक्षण किया। अभियान के दौरान एलिट पब्लिक स्कूल और डॉन बॉस्को पब्लिक स्कूल के वाहनों की गहन जांच कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। जांच के दौरान बसों की फिटनेस, फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र, आपातकालीन निकास, आवश्यक दस्तावेज और अन्य सुरक्षा मानकों की बारीकी से पड़ताल की गई। अधिकारियों ने स्कूल प्रबंधन को स्पष्ट निर्देश दिया कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा और सभी स्कूल वाहन परिवहन विभाग तथा सर्वोच्च न्यायालय की गाइडलाइन के अनुरूप ही संचालित हों। निरीक्षण टीम ने कहा कि जिन वाहनों में तकनीकी या सुरक्षा संबंधी कोई कमी होगी, उसे अधिकतम एक सप्ताह के भीतर दूर करना अनिवार्य होगा। साथ ही सभी निजी विद्यालयों को नियमित रूप से वाहनों का रखरखाव और सुरक्षा जांच कराने के निर्देश दिए गए।
जिला परिवहन विभाग ने कहा कि स्कूल बस में सफर करने वाला हर बच्चा सुरक्षित अपने घर पहुंचे, यही अभियान का उद्देश्य है। इसी को ध्यान में रखते हुए आगे भी जिले में स्कूल वाहनों की जांच अभियान जारी रहेगा। अभियान में मोटरयान निरीक्षक अमित कुमार, जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक रितेश कुमार सिंह, सड़क यांत्रिक विश्लेषक मोहम्मद अजहद अंसारी सहित संबंधित विद्यालयों के प्राचार्य और प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!