प्रशांत मंडल
लिट्टीपाड़ा (पाकुड़)। लिट्टीपाड़ा प्रखंड स्थित +2 उच्च विद्यालय परिसर की पानी टंकी में शुक्रवार को इंटर के एक छात्र का शव फंदे से लटका मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद विद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान हिरणपुर थाना क्षेत्र के पाडेरकोला गांव निवासी 20 वर्षीय शुभान हांसदा के रूप में हुई है। वह +2 उच्च विद्यालय, लिट्टीपाड़ा में इंटर द्वितीय वर्ष का छात्र था और विद्यालय के छात्रावास में रहकर पढ़ाई करता था। घटना की सूचना मिलते ही लिट्टीपाड़ा थाना प्रभारी विवेक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, पाकुड़ भेज दिया। थाना प्रभारी विवेक कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों ने पुलिस को दिए लिखित आवेदन में उल्लेख किया है कि शुभान हांसदा की मानसिक स्थिति कुछ समय से ठीक नहीं थी, जिसके कारण उसने यह कदम उठाया। हालांकि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। घटना के बाद विद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है। छात्र की असामयिक मौत से सहपाठी, शिक्षक और स्थानीय लोग स्तब्ध हैं।
Related Posts

खबर का असर : पुल के पास गड्ढों वाली सड़क पर शुरू हुआ मरम्मत कार्य, रिपोर्ट के बाद हरकत में आया विभाग।





