इकबाल हुसैन
महेशपुर प्रखंड के सरिता पेट्रोल पंप के समीप पुल के पास जर्जर सड़क, गहरे गड्ढों और जलजमाव से राहगीरों को हो रही परेशानी को लेकर जीडी न्यूज लाइव एवं ‘झारखंड की हकीकत’ में प्रमुखता से खबर प्रकाशित होने के बाद संबंधित विभाग हरकत में आ गया। शनिवार को क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया। बरसात के कारण पुल के पास सड़क कई जगह से टूट गई थी। गहरे गड्ढों में पानी भर जाने से दोपहिया और चारपहिया वाहनों के साथ-साथ पैदल राहगीरों को भी भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई थी। शनिवार को विभाग की ओर से मजदूरों को लगाकर गड्ढों में सरिया बिछाई गई तथा गिट्टी और मिट्टी डालकर सड़क की अस्थायी मरम्मत की गई, ताकि आवागमन सुचारु हो सके। स्थानीय लोगों ने खबर के बाद त्वरित कार्रवाई पर संतोष जताते हुए जीडी न्यूज लाइव एवं ‘झारखंड की हकीकत’ और प्रशासन की पहल की सराहना की। साथ ही मांग की कि बरसात समाप्त होने के बाद पुल के समीप सड़क का स्थायी और गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराया जाए, ताकि भविष्य में लोगों को इस समस्या का सामना न करना पड़े।







