रांची/पाकुड़। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) झारखंड प्रांत के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश मंत्री प्रकाश टूटी के नेतृत्व में सोमवार को लोकभवन में राज्यपाल सह कुलाधिपति से मुलाकात कर राज्य की उच्च शिक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश सह मंत्री एवं केकेएम कॉलेज, पाकुड़ के छात्र बमभोला उपाध्याय ने पाकुड़ जिले के महाविद्यालयों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
बमभोला उपाध्याय ने बताया कि केकेएम कॉलेज सहित जिले के सभी कॉलेजों में स्नातक नामांकन सीटों में भारी कटौती से हजारों छात्र-छात्राएं उच्च शिक्षा से वंचित हो रहे हैं। उन्होंने पूर्व की भांति सीटें बहाल करने, विलंबित शैक्षणिक सत्रों को नियमित करने तथा परीक्षा परिणामों में हो रही त्रुटियों को दूर करने की मांग की।
ज्ञापन में पाकुड़ जैसे जनजातीय बहुल जिले में छात्रों के लिए नए छात्रावास की स्थापना, जनजातीय एवं पिछड़े वर्ग के विद्यार्थियों को समय पर छात्रवृत्ति उपलब्ध कराने, जिले में स्नातकोत्तर (पीजी) की पढ़ाई शुरू करने तथा बंद हो चुके विषयों का संचालन पुनः प्रारंभ कराने की मांग भी की गई।
प्रतिनिधिमंडल ने पाकुड़ मॉडल कॉलेज, नवनिर्मित महिला कॉलेज, महेशपुर डिग्री कॉलेज और केकेएम कॉलेज में शिक्षकों एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों की कमी का मुद्दा उठाते हुए नियमित नियुक्ति प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने की मांग की। साथ ही सिद्धू कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय में वित्तीय अनियमितताओं की जांच, बीएड एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों को सरकारी व्यवस्था में शामिल करने तथा जेपीएससी परीक्षा परिणामों में कथित अनियमितताओं की उच्चस्तरीय जांच कराने की भी मांग रखी। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि पाकुड़ जैसे आर्थिक और शैक्षणिक रूप से पिछड़े जिले में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत किए बिना राज्य का समग्र विकास संभव नहीं है। राज्यपाल ने सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए छात्रहित में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।





