अमर भगत
अमड़ापाड़ा (पाकुड़)। अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के आलूबेड़ा गांव की एक आदिवासी महिला के बैंक खाते से दो किस्तों में 10 हजार 250 रुपये की कथित अवैध निकासी का मामला सामने आया है। पीड़िता संजली मरांडी ने अमड़ापाड़ा थाना में लिखित शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने बताया कि वह अपने बैंक खाते से राशि निकालने के लिए एक सीएसपी (ग्राहक सेवा केंद्र) पहुंची थी। वहां संचालक ने उससे फिंगरप्रिंट (बायोमेट्रिक) लिया और बाद में बताया कि खाते में निकासी योग्य राशि उपलब्ध नहीं है। इस पर संदेह होने के बाद वह संबंधित बैंक शाखा पहुंची और खाते का स्टेटमेंट निकलवाया। स्टेटमेंट की जांच में पता चला कि 3 जुलाई को 9,900 रुपये तथा 9 जुलाई को 350 रुपये, कुल 10,250 रुपये खाते से निकाले जा चुके हैं। पीड़िता का कहना है कि उसने इन दोनों तिथियों में कोई निकासी नहीं की और न ही किसी को राशि निकालने की अनुमति दी थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद संजली मरांडी ने अमड़ापाड़ा थाना में लिखित आवेदन देकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी अनूप रौशन भेंगरा ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर अमड़ापाड़ा थाना कांड संख्या 54/26 दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





