अक्षय कुमार
रामगढ़। उपायुक्त, रामगढ़ ऋतुराज के निर्देशानुसार जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं भंडारण के विरुद्ध उत्पाद विभाग द्वारा लगातार छापामारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज दिनांक 15 जुलाई 2026 को उत्पाद विभाग, रामगढ़ की टीम द्वारा रजरप्पा थाना अंतर्गत सिकनी गांव में अवैध शराब के विरुद्ध छापामारी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान टीम ने कार्रवाई करते हुए करीब 10.850 लीटर अवैध विदेशी शराब एवं 7.80 लीटर अवैध बीयर बरामद कर जब्त किया। कार्रवाई के दौरान अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध नियमानुसार प्राथमिकी दर्ज करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उत्पाद विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने आमजनों से अपील की है कि अवैध शराब से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना संबंधित विभाग एवं प्रशासन को दें, ताकि ऐसी गतिविधियों पर प्रभावी रूप से अंकुश लगाया जा सके।





