पाकुड़। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 के निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त आयोजन को लेकर पाकुड़ जिला प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। उपायुक्त मेघा भारद्वाज और पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि परीक्षा संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं, उप विकास आयुक्त ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिए। उपायुक्त की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में सभी दंडाधिकारी, केंद्राधीक्षक, प्रेक्षक और पुलिस पदाधिकारियों को आपसी समन्वय, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ दायित्व निभाने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल नोडल पदाधिकारी से संपर्क कर समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उधर, उप विकास आयुक्त ने अनुमंडल पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला आपूर्ति पदाधिकारी के साथ विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, बिजली, सीसीटीवी, सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश-निकास मार्ग और कंट्रोल रूम सहित सभी व्यवस्थाओं की जांच की गई। अधिकारियों ने आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने कहा कि 19 जुलाई को सुबह छह बजे से परीक्षा समाप्त होने तक सभी पुलिस पदाधिकारी और जवान अपने-अपने निर्धारित स्थलों पर तैनात रहेंगे। सभी थाना प्रभारियों को होटल, लॉज और संवेदनशील स्थानों की सघन जांच करने तथा यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। जिले में परीक्षा की निगरानी के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता सुनिश्चित की गई है तथा कदाचार और नियमों के उल्लंघन पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। 19 जुलाई को परीक्षा तीन पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 8:30 से 10:30 बजे, दूसरी पाली 11:30 से 1:30 बजे और तीसरी पाली 3:30 से 5:30 बजे तक होगी। अभ्यर्थियों की रिपोर्टिंग सुबह 7 बजे से शुरू होगी। जिले के 15 परीक्षा केंद्रों पर करीब 6,000 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने, प्रवेश पत्र और वैध पहचान पत्र साथ लाने तथा प्रतिबंधित सामग्री परीक्षा केंद्र में नहीं ले जाने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि सभी आवश्यक प्रशासनिक और सुरक्षा तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, ताकि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष, सुरक्षित और सुव्यवस्थित माहौल में संपन्न हो सके।








