अक्षय कुमार
महुआटांड़। शनिवार को मंत्री, योगेंद्र प्रसाद गोमिया प्रखंड अंतर्गत बड़कीपुन्नु स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय में वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा आयोजित 77वें वन महोत्सव- सह-वृक्षारोपण कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर वन विभाग के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय लोगों ने पुष्पगुच्छ एवं पौधा भेंट कर मंत्री का स्वागत किया।


मंत्री श्री प्रसाद ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्री प्रसाद ने वन संरक्षण एवं पर्यावरण जागरूकता से संबंधित विभिन्न सामग्रियों का वितरण किया तथा लोगों को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने एवं उनके संरक्षण के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि, “वन एवं पर्यावरण का संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। वृक्ष हमारे जीवन, पर्यावरण तथा आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का आधार हैं। जलवायु परिवर्तन जैसी वैश्विक चुनौतियों का प्रभावी समाधान अधिकाधिक वृक्षारोपण एवं उनके संरक्षण से ही संभव है। प्रत्येक नागरिक को पौधारोपण के साथ-साथ उसकी देखभाल का भी संकल्प लेना चाहिए।” उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण, वन संवर्धन एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।


साथ ही सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा हरित, स्वच्छ एवं पर्यावरण- संतुलित झारखंड के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्री प्रसाद ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित झारखंड के निर्माण का संदेश दिया। कार्यक्रम में बोकारो डीएफओ, संलग्न पदाधिकारी बोकारो, स्थानीय मुखिया, पंचायत समितिगण, वन विभाग के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।





