अक्षय कुमार
रामगढ़। उपायुक्त, रामगढ़ ऋतुराज के निर्देशानुसार बुधवार को सीसीएल बरका सयाल अंतर्गत कॉन्फ्रेंस हॉल में कोयला ढुलाई एवं परिवहन कार्य से जुड़े वाहन चालकों एवं ट्रांसपोर्टर्स के लिए एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना, सुरक्षित एवं जिम्मेदार परिवहन व्यवस्था को प्रोत्साहित करना तथा दुर्घटनाओं में कमी लाना था। प्रशिक्षण कार्यक्रम में TATA Tisco, घाटो की विशेषज्ञ प्रशिक्षण टीम द्वारा आधुनिक प्रशिक्षण व्यवस्था एवं उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से वाहन चालकों को सुरक्षित वाहन संचालन, यातायात नियमों के पालन, सड़क पर सतर्कता बरतने, वाहन की नियमित तकनीकी जांच तथा आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी गई।


इस दौरान उपस्थित वाहन चालकों एवं ट्रांसपोर्टर्स को सड़क सुरक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए बताया गया कि यातायात नियमों का पालन, निर्धारित गति सीमा में वाहन संचालन, ओवरलोडिंग से बचाव, वाहन की फिटनेस सुनिश्चित करना तथा व्यक्तिगत सुरक्षा उपायों को अपनाना सुरक्षित एवं सुचारु परिवहन व्यवस्था के लिए अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम में मोटरयान निरीक्षक, रामगढ़ ने भी वाहन चालकों को मोटर वाहन अधिनियम के महत्वपूर्ण प्रावधानों, सड़क सुरक्षा संबंधी नियमों तथा सुरक्षित ड्राइविंग की आवश्यकता पर विस्तार से जानकारी देते हुए सभी से नियमों का शत-प्रतिशत अनुपालन करने की अपील की। प्रशिक्षण कार्यक्रम में मोटरयान निरीक्षक, रामगढ़, TATA Tisco, घाटो की प्रशिक्षण टीम तथा CCL बरका सयाल के विभिन्न अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी वाहन चालकों एवं ट्रांसपोर्टर्स से सुरक्षित एवं जिम्मेदार परिवहन सुनिश्चित करने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।





