Search

July 29, 2026 12:47 am

कानीझाड़ा लैम्प्स से 716.55 क्विंटल धान गायब, 17.55 लाख के गबन का आरोप; अध्यक्ष-सचिव पर मामला दर्ज।

इकबाल हुसैन

महेशपुर (पाकुड़)। महेशपुर प्रखंड के कानीझाड़ा LEMPS/MPCS में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के दौरान 716.55 क्विंटल धान गायब मिलने के मामले में 17 लाख 55 हजार 547.50 रुपये के गबन का आरोप लगाया गया है। मामले में LEMPS अध्यक्ष रूपलाल कोड़ा और मुख्य कार्यपालिका पदाधिकारी सह सचिव सरस्वती कोड़ा के खिलाफ महेशपुर थाना में कांड संख्या 126/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। प्राथमिकी जिला प्रबंधक, झारखंड राज्य खाद्य एवं असैनिक आपूर्ति निगम लिमिटेड, पाकुड़ के प्रतिवेदन और जिला आपूर्ति पदाधिकारी के आदेश के आलोक में दर्ज की गई है। जानकारी के अनुसार, कानीझाड़ा LEMPS ने 31 मार्च 2026 तक कुल 3098.80 क्विंटल धान की अधिप्राप्ति की थी। इसमें से धान बरहरवा स्थित भगवान न्यूट्रीशन फूड प्राइवेट लिमिटेड राइस मिल को भेजा जाना था। निगम के 22 जून 2026 के पत्र के अनुसार LEMPS के पास 734.20 क्विंटल धान अवशेष बताया गया था। इसके बाद 15 जुलाई 2026 को पंचायत सचिव शैलेश हांसदा की मौजूदगी में गोदाम का भौतिक सत्यापन किया गया। सत्यापन के दौरान गोदाम में धान नहीं मिला। अभिलेख के अनुसार राइस मिल को 2382.25 क्विंटल धान भेजे जाने के बाद 716.55 क्विंटल धान शेष रहना चाहिए था, लेकिन मौके पर धान अनुपस्थित पाया गया। इसके बाद सरकारी धान की उक्त मात्रा के समतुल्य 17,55,547.50 रुपये की राशि के गबन का आरोप लगाते हुए अध्यक्ष रूपलाल कोड़ा और सचिव सरस्वती कोड़ा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!