एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने की छापेमारी, मुफस्सिल थाना प्रभारी समेत पुलिस टीम रही शामिल।
पाकुड़। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के तिलभिट्टा मार्केट में नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री की सूचना पर पुलिस ने बुधवार को छापेमारी की। एसपी अनुदीप सिंह के निर्देश पर एसडीपीओ कुमार गौरव के नेतृत्व में गठित विशेष छापेमारी दल (SIT) ने दंडाधिकारी की मौजूदगी में दो दुकानों की तलाशी ली। इस दौरान कुल 420 ग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से एक आरोपी अफसर शेख को गिरफ्तार किया है। वहीं, दूसरे आरोपी गुलाब शेख की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, तिलभिट्टा मार्केट के समीप अफसर शेख और गुलाब शेख की दुकानों में गांजा और ब्राउन शुगर की अवैध खरीद-बिक्री की सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन के बाद एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने दंडाधिकारी के साथ दोनों दुकानों पर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद कुछ लोग भागने लगे। इसी दौरान पुलिस ने दुकान में मौजूद अफसर शेख को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान अफसर शेख की दुकान से 107 ग्राम गांजा, एक कैंची और लोहे की कटनी बरामद हुई। इसके बाद उसकी निशानदेही पर गुलाब शेख की दुकान से 313 ग्राम गांजा, एक कैंची और लोहे की कटनी बरामद की गई। पुलिस ने दोनों दुकानों से कुल 420 ग्राम गांजा जब्त किया। मामले को लेकर मुफस्सिल थाना में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपी अफसर शेख, पिता स्व. अलीमुद्दीन शेख, निवासी रानीपुर, थाना पाकुड़ (मु.) को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। फरार आरोपी गुलाब शेख की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
छापेमारी टीम में एसडीपीओ कुमार गौरव, मुफस्सिल थाना प्रभारी गौरव कुमार, पु०अ०नि० अंशु उपाध्याय, पु०अ०नि० रामदुलर सिंह सहित मुफस्सिल थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।







