Search

July 30, 2026 7:56 pm

धूमधाम से मनेगा 80वां स्वतंत्रता दिवस, 10 अगस्त से शुरू होगा परेड का पूर्वाभ्यास।

पाकुड़। जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह इस बार भी धूमधाम से मनाया जाएगा। मुख्य समारोह रानी ज्योतिर्मयी स्टेडियम में होगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर गुरुवार को उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। उपायुक्त ने अधिकारियों को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने और आयोजन में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया। 10 अगस्त से स्टेडियम में प्रतिदिन सुबह 7 बजे परेड का पूर्वाभ्यास होगा। 13 अगस्त को उपायुक्त और एसपी संयुक्त रूप से अंतिम निरीक्षण करेंगे। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर प्रभात फेरी, साइकिलिंग और मैराथन प्रतियोगिता के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। 13 अगस्त को साइकिलिंग और 14 अगस्त को मैराथन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। दोनों प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। 14 अगस्त की शाम रविन्द्र भवन में सांस्कृतिक संध्या होगी, जिसमें स्थानीय कलाकार और छात्र-छात्राएं देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियां देंगे। स्वतंत्रता सेनानियों और उनके परिजनों को भी सम्मानित किया जाएगा।
समारोह को लेकर शहर में यातायात व्यवस्था भी बदली रहेगी। 15 अगस्त को सुबह 5 बजे से दोपहर 1 बजे तक शहर में भारी वाहनों के परिचालन पर पूरी तरह रोक रहेगी। मुख्य समारोह में ध्वजारोहण सुबह 9:05 बजे रानी ज्योतिर्मयी स्टेडियम में होगा। इसके अलावा उपायुक्त आवासीय कार्यालय में 8:05 बजे, समाहरणालय में 10 बजे, जिला परिषद कार्यालय में 10:25 बजे, अनुमंडल कार्यालय में 11 बजे, रेड क्रॉस सोसाइटी में 11:20 बजे और पुलिस लाइन में 11:30 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!