पाकुड़ पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम और चोरी हुए 28 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक धारकों को सौंप दिए। शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार नगर थाना से 2, महेशपुर से 7, लिट्टीपाड़ा से 1, मुफस्सिल से 3, अमड़ापाड़ा से 1, पाकुड़िया से 10, रवीपुर ओपी से 2 और मालपहाड़ी ओपी से 2 मोबाइल बरामद किए गए। पुलिस ने बताया कि मोबाइल की बरामदगी में भारत सरकार के दूरसंचार विभाग के CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल की मदद ली गई। पोर्टल के माध्यम से गुम या चोरी हुए मोबाइल के IMEI नंबर को ब्लॉक कर उन्हें ट्रैक करने में सहायता मिलती है। मोबाइल वापस मिलने पर धारकों के चेहरे पर खुशी लौट आई। पाकुड़ पुलिस ने कहा कि ऑपरेशन मुस्कान के तहत गुम और चोरी हुए अन्य मोबाइल फोन की बरामदगी कर उन्हें उनके वास्तविक धारकों तक पहुंचाने का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।






