इकबाल हुसैन
महेशपुर। महेशपुर प्रखंड के महुबौना गांव के समीप सड़क किनारे सात दिनों से झुका बिजली का खंभा आखिरकार विभाग ने हटा दिया। ग्रामीणों की समस्या को GD News एवं झारखंड की हकीकत में प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद बिजली विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जर्जर पोल को हटाकर उसकी जगह नया बिजली खंभा स्थापित कर दिया। महुबौना से असंकांधा जाने वाली मुख्य सड़क के किनारे बिजली का खंभा काफी दिनों से झुका हुआ था, जिससे किसी भी समय हादसा होने की आशंका बनी हुई थी। इसी मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीणों के अलावा स्कूली बच्चों और बुजुर्गों का आवागमन होता है। खंभे के गिरने की आशंका को लेकर स्थानीय लोगों में भय का माहौल था। ग्रामीणों के अनुसार, विभाग को इसकी जानकारी दिए जाने के बावजूद समय पर कार्रवाई नहीं हो सकी थी। समाचार प्रकाशित होने के बाद बिजली विभाग की टीम सक्रिय हुई और मौके पर पहुंचकर झुके हुए पोल को हटाकर नया पोल लगा दिया। पोल बदलने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। स्थानीय लोगों ने जनसमस्या को प्रमुखता से उठाने के लिए GD News एवं झारखंड की हकीकत का आभार जताते हुए बिजली विभाग की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।








