Search

August 4, 2026 6:25 pm

95 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद, तीन गिरफ्तार; तस्करी में इस्तेमाल टोटो जब्त

पाकुड़। पाकुड़ (मु.) थाना क्षेत्र के झिकरहटी गांव में पुलिस ने अवैध देशी महुआ शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 95 लीटर शराब बरामद की है। मामले में मकान मालिक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शराब ढोने में इस्तेमाल एक टोटो (ई-रिक्शा) भी जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, एसपी अनुदीप सिंह को सूचना मिली थी कि झिकरहटी गांव में सष्टी राजवंशी के घर से अवैध महुआ शराब की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने कार्रवाई के दौरान सष्टी राजवंशी के घर में प्लास्टिक जार ले जा रहे दो लोगों को पकड़ा। तलाशी में टोटो से 45 लीटर और मकान से 50 लीटर, कुल 95 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान झिकरहटी निवासी सष्टी राजवंशी तथा पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के समशेरगंज थाना क्षेत्र निवासी जैनल आवेदिन और अब्दुल हाकिम के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ पाकुड़ (मु.) थाना कांड संख्या 110/26 के तहत बीएनएस की धारा 272, 274, 275 एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। तीनों को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!