Search

September 20, 2026 9:22 am

आदिवासी महोत्सव की तैयारियां तेज, मोराबादी मैदान पहुंचीं अपर मुख्य सचिव; गुणवत्ता और समयसीमा पर दिया जोर

रांची। मोराबादी मैदान में प्रस्तावित आदिवासी महोत्सव-2026 की तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। बुधवार को गृह विभाग की अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल ने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को सभी कार्य तय समय के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, यातायात व्यवस्था और आगंतुकों की सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि महोत्सव में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए तथा आयोजन झारखंड की समृद्ध आदिवासी संस्कृति और राज्य की गरिमा के अनुरूप भव्य एवं सुव्यवस्थित होना चाहिए। अपर मुख्य सचिव ने मंच निर्माण, प्रदर्शनी स्टॉल, पार्किंग व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखते हुए हर कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया, ताकि महोत्सव का आयोजन सफल और व्यवस्थित ढंग से हो सके। निरीक्षण के दौरान कल्याण आयुक्त कुलदीप चौधरी, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के विशेष सचिव राजीव लोचन बक्शी, रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री, टीआरआई निदेशक आलोक एस. कच्छप, नगर पुलिस अधीक्षक पारस राणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!