Search

August 5, 2026 10:05 pm

JPSC-JSSC परीक्षा में कथित अनियमितताओं के विरोध में JLKM का प्रदर्शन, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

पाकुड़। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) की पाकुड़ जिला इकाई ने बुधवार को JPSC और JSSC की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में प्रदर्शन किया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया है कि परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसी के चयन की प्रक्रिया तथा एजेंसी के ब्लैकलिस्ट होने से जुड़े आरोपों की स्वतंत्र और उच्चस्तरीय जांच कर उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए। साथ ही, यदि टीडीपीएल द्वारा आयोजित परीक्षाओं में अनियमितता सिद्ध होती है तो उन्हें रद्द कर निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से पुनः आयोजित कराया जाए। JLKM ने 11वीं से 13वीं संयुक्त मुख्य प्रतियोगिता परीक्षा के ऑनलाइन मूल्यांकन की पारदर्शी समीक्षा कराने तथा भविष्य में परीक्षाएं ऑफलाइन या आयोग की प्रत्यक्ष निगरानी में कराने की भी मांग उठाई। संगठन ने परीक्षा में गड़बड़ी और पेपर लीक के मामलों की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) से जांच कराने, दोषियों की संपत्ति जब्त करने और त्वरित न्याय के लिए विशेष कानून बनाने की मांग की। इसके अलावा, JPSC और JSSC के अध्यक्ष एवं सदस्यों की नियुक्ति के लिए न्यायपालिका, कार्यपालिका और विधायिका के प्रतिनिधियों वाली उच्चस्तरीय चयन समिति गठित करने का भी आग्रह किया गया। अंत में JLKM के प्रतिनिधिमंडल ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन उपायुक्त को सौंपते हुए मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का अनुरोध किया।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!