युवाओं को इंजीनियरिंग की पढ़ाई को जमीनी हकीकत से जोड़ने का मौका मिला। पाकुड़ पॉलिटेक्निक के सिविल इंजीनियरिंग के छात्रों ने मोहनपुर स्थित सिबनगर-रामनाथपुर पुल निर्माण स्थल का शैक्षणिक भ्रमण कर निर्माण कार्य की बारीकियां समझीं। सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता प्रदीप कुमार रजक ने छात्रों को नींव, पियर-एबटमेंट, गर्डर और डेक निर्माण के साथ गुणवत्ता नियंत्रण व सुरक्षा मानकों की जानकारी दी। इस दौरान छात्रों ने इंजीनियरिंग की किताबी पढ़ाई को वास्तविक कार्यस्थल पर होते हुए देखा और तकनीकी ज्ञान के साथ भविष्य के पेशेवर कौशल को मजबूत किया। विभागाध्यक्ष अजय कुमार महतो के नेतृत्व में हुए भ्रमण में संकाय सदस्य अभिषेक राज, दिनकर कुमार, निधि कुमारी और राबेया बसर मौजूद रहे। प्राचार्या डॉ. सुषमा यादव ने कहा कि ऐसे अनुभव युवाओं को आत्मविश्वास के साथ भविष्य की इंजीनियरिंग चुनौतियों के लिए तैयार करते हैं।








