Search

August 11, 2026 3:35 am

बच्चों की शिक्षा, आत्मविश्वास और साइबर सुरक्षा को लेकर महिलाओं को किया जागरूक।

पाकुड़। सदर प्रखंड के सोनाजोड़ी पंचायत की महिलाओं के साथ अखिल भारतीय गरीब दलित सेवा संघ के कार्यालय में सोमवार को जागरूकता बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता इंडियन नेशनल एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेड.एच. विश्वास ने की। मौके पर अखिल भारतीय गरीब दलित सेवा संघ के जिला अध्यक्ष फजर शेख, जिला कोऑर्डिनेटर समेत अन्य लोग मौजूद थे। बैठक में PCI-UNICEF के जिला प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर ने महिलाओं को बच्चों और किशोर-किशोरियों के सामने आने वाली सामाजिक एवं डिजिटल चुनौतियों की जानकारी दी। विशेष रूप से बॉडी इमेज, सेल्फ-एस्टीम और बच्चों के आत्मविश्वास से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई। अभिभावकों से बच्चों के साथ सकारात्मक संवाद बनाए रखने, उनकी भावनाओं और समस्याओं को समझने तथा उन्हें शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की गई।
महिलाओं को बच्चों की नियमित विद्यालय उपस्थिति, पढ़ाई और शैक्षणिक प्रगति पर सकारात्मक तरीके से नजर रखने के लिए भी प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि परिवार में बच्चों के साथ खुलकर बातचीत करने से उनकी कई समस्याओं को समय रहते समझकर उनका समाधान किया जा सकता है। बैठक में साइबर सुरक्षा और मोबाइल के सुरक्षित इस्तेमाल को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। महिलाओं को अनजान नंबरों से आने वाले कॉल और संदेशों से सतर्क रहने, किसी के साथ OTP साझा नहीं करने तथा अनजान लिंक, फाइल या संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों से बचने की सलाह दी गई। अंत में महिलाओं से अपील की गई कि बैठक में मिली जानकारी को अपने परिवार तक सीमित न रखें, बल्कि आसपास के लोगों के साथ भी साझा करें। इससे बच्चों की शिक्षा, आत्मविश्वास, सुरक्षित मोबाइल उपयोग और सकारात्मक पालन-पोषण को लेकर समुदाय में जागरूकता बढ़ाने में मदद मिलेगी।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!