कांवड़ियों की सेवा में जुटी ब्याहुत कलवार सेवा समिति की व्यवस्थाओं की सराहना, स्वयं की कांवड़ियों की मालिश
पाकुड़। ब्याहुत कलवार सेवा समिति प्रधान कार्यालय की ओर से आयोजित 20वें निःशुल्क कांवड़िया सेवा शिविर में बुधवार को भारत सरकार के पूर्व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे पहुंचे। उन्होंने शिविर का निरीक्षण कर कांवड़ियों के लिए उपलब्ध कराई जा रही सेवा-सुविधाओं का जायजा लिया और समिति के सेवा कार्यों की मुक्तकंठ से सराहना की। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने शिविर में बनाए गए एसी डॉरमेट्री की विशेष रूप से प्रशंसा की। इसके बाद उन्होंने कांवड़ियों के बीच फल का वितरण किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं कांवड़ियों की सेवा करते हुए उनकी मालिश भी की। उनके इस आत्मीय व्यवहार से शिविर में मौजूद कांवड़िये काफी प्रभावित हुए। अपने संबोधन में अश्विनी चौबे ने कहा कि भारत सरकार द्वारा पारित ‘वंदे मातरम्’ गीत को हर घर तक पहुंचाने की आवश्यकता है। उन्होंने बाबा बैद्यनाथ कॉरिडोर के निर्माण की भी आवश्यकता जताई। उन्होंने देशवासियों से भारत को पुनः विश्व गुरु बनाने की दिशा में अपना योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान ब्याहुत कलवार सेवा समिति के अध्यक्ष विश्वनाथ भगत, सचिव तारकेश्वर नाथ भगत, कोषाध्यक्ष कैलाश नाथ भगत तथा प्रदीप भगत के नेतृत्व में समिति की पूरी टीम ने पूर्व केंद्रीय मंत्री का अभिनंदन किया। इस अवसर पर अध्यक्ष विश्वनाथ भगत को अश्विनी चौबे ने अंगवस्त्र, स्मृति चिह्न, रामायण एवं बलभद्र माला पहनाकर सम्मानित किया। सम्मान समारोह में अभिषेक भगत, पवन भगत और अंकित भगत की भी सहभागिता रही।
वहीं, पंजाब से पहुंचे भामाशाह जगदीश प्रसाद फगवाड़ा और पटेल भगत रिसड़ा को भी पूर्व केंद्रीय मंत्री ने अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के अंत में समिति के सचिव तारकेश्वर भगत ने धन्यवाद ज्ञापन किया। शिविर को सफल बनाने में समिति के सभी सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही।








