Search

August 14, 2026 12:44 am

पुलिस को मिली बड़ी सफलता, दो गांजा तस्कर गिरफ्तार; 2.865 किग्रा गांजा जब्त

पाकुड़: नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन जीवन’ के तहत पाकुड़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर गठित विशेष छापेमारी दल ने महेशपुर अनुमंडल के पाकुड़िया और महेशपुर थाना क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से कुल 2.865 किलोग्राम गांजा, 70 पीस मिट्टी का चिलम, दो मोटरसाइकिलें, एक पीतल का तराजू-बटखरा और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। एसपी अनुदीप सिंह ने अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेसवार्ता में इस कार्रवाई की विस्तृत जानकारी दी।
एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि पाकुड़िया थाना क्षेत्र के मोंगलाबांध और महेशपुर थाना क्षेत्र के बड़कियारी गांव में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिए महेशपुर एसडीपीओ विजय कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी के साथ पुलिस टीम जब पाकुड़िया थाना अंतर्गत मोंगलाबांध निवासी पारू अंसारी (40 वर्ष) के घर पहुंची, तो उसने भागने का प्रयास किया। पुलिस बल ने खदेड़कर उसे दबोच लिया। दंडाधिकारी की उपस्थिति में उसके घर और मोटरसाइकिल की तलाशी लेने पर 2.165 किलोग्राम गांजा, 70 पीस चिलम, दो मोटरसाइकिलें, पीतल का तराजू-बटखरा और मोबाइल बरामद हुआ। इस संदर्भ में पाकुड़िया थाना में एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इसी क्रम में टीम ने महेशपुर थाना अंतर्गत बड़कियारी गांव के हटियापाड़ा स्थित पिंटु शेख के घर पर छापेमारी की। वहां तलाशी के दौरान दो प्लास्टिक थैलियों में रखा 700 ग्राम गांजा और एक एंड्रॉइड मोबाइल बरामद किया गया। मौके से आरोपी पिंटु शेख को गिरफ्तार कर लिया गया, जिसके खिलाफ महेशपुर थाना में मामला दर्ज किया गया है।गिरफ्तार अभियुक्तों में पारू अंसारी उर्फ पाड़ु अंसारी (ग्राम मोंगलाबांध, पाकुड़िया) और पिंटु शेख (ग्राम बड़कियारी, महेशपुर) शामिल हैं। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। एसपी अनुदीप सिंह ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए 19 अप्रैल से चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन जीवन’ के तहत अब तक कुल 9 मामले दर्ज किए गए हैं। इस दौरान 83.30 ग्राम ब्राउन शुगर और 2.246 किलोग्राम गांजा बरामद करते हुए कुल 11 तस्करों को जेल भेजा जा चुका है।
इस छापामारी अभियान में एसडीपीओ महेशपुर विजय कुमार, पाकुड़िया थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो, महेशपुर थाना प्रभारी रवि शर्मा सहित दोनों थानों के पुलिस पदाधिकारी व सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

img 20260813 wa00508329717028503723702
img 20260813 wa00494849294137513803425

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!