अक्षय कुमार
रांची। शुक्रवार को संध्या 5:00 बजे अखंड भारत के संस्थापक अध्यक्ष बृजेश सिंह की अध्यक्षता में एक विशेष संकल्प कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विश्व सनातन मंच के प्रदेश अध्यक्ष अजय सिंह एवं राष्ट्रीय हिंदू संगठन के प्रभारी अवधेश सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रहित, राष्ट्रीय गौरव एवं अखंड भारत के संकल्प को लेकर उपस्थित लोगों ने शपथ ली। वक्ताओं ने कहा कि भारतीय जनता अपने राष्ट्र, संस्कृति एवं राष्ट्रीय गौरव के प्रति सदैव सजग और सतर्क है। देशभर में राष्ट्रीय उत्सवों को उत्साह एवं उमंग के साथ मनाने तथा अमर शहीदों के त्याग और बलिदान को सदैव स्मरण रखने का संकल्प लिया गया।

अखंड भारत के संस्थापक अध्यक्ष बृजेश सिंह ने अपने संबोधन में भारत माता के समस्त वीर-वीरांगनाओं को नमन करते हुए कहा कि जिन वीरों ने देश की रक्षा एवं स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया, उनके बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने युवा शक्ति को राष्ट्रहित में जागरूक होकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश की अखंडता, एकता और सामाजिक व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। युवाओं को राष्ट्रविरोधी एवं समाज को विघटित करने वाली शक्तियों के प्रति सजग रहते हुए राष्ट्रहित में सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए। कार्यक्रम में सामाजिक सम्मान, सभी के अधिकारों की सुरक्षा तथा युवाओं के मौलिक अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। वक्ताओं ने समाज में व्याप्त कुरीतियों एवं बुराइयों पर रोक लगाने तथा देश और समाज को मजबूत बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का समापन भारत माता की जय तथा राष्ट्रहित के नारों के साथ हुआ। इस अवसर पर रोहित कुमार, जितेंद्र सिंह, रामनवमी सहित अन्य सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन सिद्ध मंदिर परिसर में सम्मानपूर्वक एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।





