डीसी ने कहा- नियमित रक्तदान को सामाजिक जिम्मेदारी बनाएं, हर माह जिले में लगेंगे रक्तदान शिविर।
पाकुड़। जिला प्रशासन एवं जिला स्वास्थ्य समिति की पहल पर सोमवार को रक्त अधिकोष, पाकुड़ में आयोजित विशेष रक्तदान शिविर में विभिन्न विभागों और संस्थाओं के पदाधिकारी-कर्मियों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। शिविर में कुल 87 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। शिविर में पुलिस विभाग ने 35 यूनिट, स्टोन एवं कोल माइनिंग ने 28, अलुबेरा बटालियन पुलिस ने 6, स्वास्थ्य विभाग ने 2, इंसानियत फाउंडेशन और गरीबों का मसीहा ने 3-3, नगर परिषद ने 4 तथा अन्य ने 6 यूनिट रक्तदान किया।
शिविर का शुभारंभ सिविल सर्जन डॉ. प्रवीण कुमार संथालिया ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने रक्तदाताओं को प्रमाण-पत्र देकर उनका उत्साह बढ़ाया और नियमित स्वैच्छिक रक्तदान की अपील की। उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि दुर्घटना, प्रसव, गंभीर बीमारी और अन्य आपात स्थितियों में समय पर रक्त उपलब्ध होना बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि जिले में रक्त की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के लिए हर माह जिला एवं प्रखंड स्तर पर रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे।











