पाकुड़। सावन की हरियाली, पारंपरिक परिधानों की रंगत और गीत-संगीत की मधुर धुनों से रविवार को शहर का रवींद्र भवन गुलजार रहा। अवसर था समाजसेविका सह झामुमो केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य प्रतिमा पांडे के समूह द्वारा आयोजित तीसरे सावन महोत्सव का। महोत्सव में महिलाओं ने हरे परिधानों और साज-श्रृंगार के साथ सावन के रंग में जमकर उत्सव मनाया। कार्यक्रम में शिव-पार्वती भजनों की मनमोहक प्रस्तुति ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। महिलाओं के लिए विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिसमें उन्होंने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
महोत्सव का आकर्षण गीत-संगीत, प्रतियोगिताओं के साथ पारंपरिक व्यंजन भी रहे। महिलाओं ने एक-दूसरे के साथ खुशियां बांटते हुए सावन के इस पर्व को यादगार बनाया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया। डीआईजी आलोक प्रियदर्शी, नगर परिषद अध्यक्ष सबरी पाल और कार्यपालक पदाधिकारी अमरेंद्र चौधरी सहित अन्य अतिथियों की मौजूदगी ने आयोजन की गरिमा बढ़ाई।
गायिका संजू जायसवाल की शिव-पार्वती भजनों की प्रस्तुति पर महिलाएं भाव-विभोर नजर आईं। आयोजन को सफल बनाने में नीलू कुमारी, ममता रंजन, रंजीता कुमारी, सुनिधि भगत, रूप भट्टाचार्य, श्वेता भगत, ममता जैन और सुषमा कुमारी सहित दर्जनों महिलाओं की सक्रिय भूमिका रही।






