पाकुड़/महेशपुर। महेशपुर के वरिष्ठ पत्रकार रमेश ठाकुर के दो दिन पूर्व हुए आकस्मिक निधन पर सोमवार को जिला मुख्यालय स्थित सूचना भवन सभागार में पत्रकारों ने शोकसभा आयोजित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। शोकसभा के बाद पत्रकारों ने एकजुटता दिखाते हुए शोकाकुल परिवार की आर्थिक मदद भी की।
शोकसभा में प्रभारी जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अमरेंद्र चौधरी, एसएमपीओ पवन कुमार समेत जिले के बड़ी संख्या में पत्रकार शामिल हुए। वक्ताओं ने रमेश ठाकुर के निधन को पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया। कहा कि करीब एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय रमेश ठाकुर सरल, सहज और मिलनसार स्वभाव के थे। उनके निधन से पत्रकार समाज ने एक सहयोगी साथी खो दिया है।
शोकसभा के बाद पत्रकारों का प्रतिनिधिमंडल महेशपुर प्रखंड स्थित रमेश ठाकुर के आवास पहुंचा। परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया। पत्रकारों ने आपसी सहयोग से राशि एकत्र कर दिवंगत पत्रकार के परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान की। पत्रकारों ने कहा कि रमेश ठाकुर की कमी लंबे समय तक महसूस होगी। उनके सहज व्यवहार, अपनत्व और पत्रकारिता के प्रति समर्पण को हमेशा याद किया जाएगा।





