166 चिन्हित मतदाताओं को भेजा गया नोटिस, बूथ संख्या 201 से 205 तक के मतदाता दस्तावेजों के साथ दर्ज करा सकेंगे दावा-आपत्ति
अमड़ापाड़ा/पाकुड़। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत मैपिंग एवं संबंधित प्रक्रियाओं को पूरा कराने के लिए प्रशासन की ओर से 24 अगस्त को अमड़ापाड़ा संथाली पंचायत भवन में विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में उन मतदाताओं के दावे-आपत्तियों का निपटारा किया जाएगा, जिनकी मैपिंग प्रक्रिया SIR फॉर्म भरने के दौरान पूरी नहीं हो सकी है। अंचल अधिकारी औसाफ अहमद खां ने बताया कि संबंधित मतदाताओं को विभाग की ओर से नोटिस भेजा गया है। नोटिस प्राप्त करने वाले मतदाता 24 अगस्त को सुबह 11 बजे पंचायत भवन पहुंचकर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत कर अपने दावे या आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि शिविर में संबंधित कर्मियों की मौजूदगी में दस्तावेजों का सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन के अनुसार बूथ संख्या 201 से 205 तक कुल 166 मतदाताओं को नोटिस जारी किया गया है। इनमें बूथ संख्या 201 के 78, बूथ संख्या 202 के 28, बूथ संख्या 203 के 29, बूथ संख्या 204 के 15 और बूथ संख्या 205 के 16 मतदाता शामिल हैं। सीओ ने सभी चिन्हित मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय पर शिविर में पहुंचें और अपने आवश्यक कागजात साथ लेकर आएं। दस्तावेजों के सत्यापन एवं दावा-आपत्ति की प्रक्रिया पूरी कर मतदाता सूची से संबंधित कार्य को समय पर पूरा कराने में प्रशासन का सहयोग करें।






