अक्षय कुमार
रामगढ़।।उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज के निर्देश पर जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. लाल बिहारी प्रसाद द्वारा जिले में पशुपालन एवं कृषि आधारित आजीविका को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न प्रखंडों का निरीक्षण एवं योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया गया। इसी क्रम में मांडू प्रखंड अंतर्गत मांडूडीह, मांडूचट्टी, मुरपा एवं तापीन पंचायत के कुल 14 लाभुकों के बीच परिसंपत्ति का वितरण किया गया। इनमें 11 लाभुकों को ब्रायलर कुक्कुट योजना तथा 3 लाभुकों को लेयर कुक्कुट योजना के अंतर्गत परिसंपत्ति उपलब्ध कराई गई। लाभुकों को योजना का उद्देश्य एवं कुक्कुट पालन के माध्यम से आय में वृद्धि के संबंध में आवश्यक जानकारी भी दी गई। वहीं, दुलमी प्रखंड के होहद, सिकनी, होन्हे एवं बूढाखुखरा गांव में कुल 15 लाभुकों द्वारा निर्मित वर्मी कंपोस्ट यूनिट का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान लाभुकों द्वारा किए जा रहे वर्मी कंपोस्ट उत्पादन की जानकारी ली गई तथा उन्हें जैविक खाद के उत्पादन एवं उपयोग के महत्व के बारे में बताया गया। जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. लाल बिहारी प्रसाद ने सभी लाभुकों से वर्मी कंपोस्ट प्रशिक्षण में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि वर्मी कंपोस्ट के माध्यम से जैविक खेती को बढ़ावा देने के साथ-साथ किसानों की आय में भी वृद्धि की जा सकती है। उन्होंने लाभुकों को योजनाओं का बेहतर संचालन करते हुए इसका अधिकतम लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

उपायुक्त ऋतुराज के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा पशुपालन, कृषि एवं संबद्ध गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार एवं आजीविका के अवसरों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।





