पाकुड़िया थाना क्षेत्र के राजदाहा बॉर्डर के पास गुरुवार शाम अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान बिशनपुर गांव निवासी रमेश भंडारी (35), पिता गाजलू भंडारी के रूप में हुई है। वह पेशे से चालक है। जानकारी के अनुसार, रमेश भंडारी मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान राजदाहा के समीप एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना आपातकालीन सेवा 112 के माध्यम से पाकुड़िया पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही एसआई केला उरांव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल 112 पेट्रोलिंग वाहन से अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉ. मंजर आलम, डॉ. अभय सराफ और डॉ. वसीम राजा ने घायल का प्राथमिक उपचार किया। गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। इधर, पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है।






