Search

August 23, 2026 9:18 pm

समाज के बीच पहुंच बढ़ाएगा विहिप, सेवा और सामाजिक कार्यों पर रहेगा जोर।

पाकुड़। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) की जिला बैठक रविवार को शहर के कोल स्थित जिला कार्यालय में जिला उपाध्यक्ष मनीष कुमार की अध्यक्षता में हुई। बैठक में संगठन के स्थापना दिवस, सदस्यता अभियान, सेवा कार्यों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
विहिप के विभाग मंत्री अरविंद घोष ने बताया कि 4 से 13 सितंबर तक जिले के सभी प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर स्थापना दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं, स्वर्गीय अशोक सिंघल के शताब्दी वर्ष सेवा जयंती के अवसर पर जिलेभर में विभिन्न सेवा कार्य और सामाजिक आयोजन किए जाएंगे। जिला मंत्री विशाल भगत ने संगठन विस्तार को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक लोगों से संपर्क कर उन्हें संगठन से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने और लगातार समाज के बीच सक्रिय रहने पर जोर दिया। प्रांतीय सलाहकार अशोक वर्मा ने कहा कि बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद, दुर्गा वाहिनी और मातृशक्ति जैसे संगठन समाज के बीच लगातार सेवा एवं सामाजिक कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों का उद्देश्य समाज को संगठित और सशक्त बनाना है।
जिला उपाध्यक्ष मनीष कुमार ने कहा कि विहिप समाज के उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने समाज को जाति और वर्ग के आधार पर बांटने के प्रयासों पर चिंता जताते हुए कहा कि सभी समवैचारिक संगठनों के सहयोग से समाज को एकजुट करने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में नगर मंत्री नवज्योत प्रिंस, विनय कुमार भगत, मुकेश भगत, सागर भगत, नीरज कुमार नाग, प्रेम कुमार मंडल सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!