पाकुड़: मालपहाड़ी ओपी क्षेत्र के रामनगर स्थित माता स्टोन वर्क्स क्रशर में शनिवार देर रात 5-6 अज्ञात अपराधियों ने धावा बोल दिया। अपराधियों ने क्रशर परिसर में तैनात नाइट गार्ड महबुल शेख को बंधक बनाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद परिसर में खड़े दो वाहनों के शीशे तोड़कर उन्हें चोरी करने का प्रयास किया। हालांकि, वाहन ले जाने में सफल नहीं होने पर सभी अपराधी मौके से फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, मध्य रात्रि करीब दो बजे 5-6 की संख्या में अपराधी क्रशर परिसर में घुसे। उन्होंने नाइट गार्ड महबुल शेख के मुंह पर गमछा बांधकर उसे एक कमरे में बंधक बना दिया। अपराधियों ने उसे धमकी दी कि यदि उसने किसी को फोन कर घटना की जानकारी दी तो उसे जान से मार देंगे। इसके बाद अपराधियों ने परिसर में खड़े हाईवा संख्या JH04X-3474 और टीओबी वाहन संख्या WB93C-7789 के शीशे तोड़ दिए। बताया गया कि अपराधियों ने दोनों वाहनों को ले जाने का भी प्रयास किया, लेकिन वे अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो सके। इसके बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी क्रशर संचालक सुमित कुमार साह निवासी बाहिरग्राम को सुबह हुई। इसके बाद उन्होंने मालपहाड़ी ओपी में लिखित शिकायत देकर 5-6 अज्ञात अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस अपराधियों की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर छानबीन कर रही है। घटना से क्रशर संचालकों और आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है।








