पाकुड़। मंगलापाड़ा स्थित प्राचीन बाबा भूतेश्वर नाथ मंदिर में सावन मास के अवसर पर 13 दिवसीय विशेष धार्मिक अनुष्ठान श्रद्धा और भक्ति के माहौल में चल रहा है। 14 अगस्त से शुरू हुए इस अनुष्ठान का समापन 25 अगस्त को विधिवत पूर्णाहुति के साथ होगा। प्रतिदिन होने वाले पूजन, रुद्राभिषेक और महाप्रसाद में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं। शनिवार को रुद्राभिषेक एवं श्रृंगार पूजन का आयोजन हुआ। इसमें अभिषेक भगत, सोनल भगत, आदित्य भगत एवं प्रीति भगत ने पूरे परिवार के साथ यजमान के रूप में पूजा-अर्चना की। मुख्य पुरोहित ओंकार नाथ मिश्रा और उनके सहयोगी प्रभाकर मिश्रा ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजन संपन्न कराया। अनुष्ठान के दौरान बाबा भूतेश्वर नाथ को बेलपत्र, गंगाजल, भांग, धतूरा, विभिन्न फलों के रस और ताजे फूल अर्पित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही भगवान को छप्पन भोग लगाया जाता है। पूजन के बाद प्रतिदिन महाप्रसाद का आयोजन होता है, जिसमें स्थानीय ग्रामीणों के साथ आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालु भी उत्साहपूर्वक शामिल होते हैं। मंदिर से जुड़े लोगों के अनुसार वर्ष 1957 में मंदिर निर्माण के बाद से ही यहां सावन में 13 दिवसीय विशेष अनुष्ठान की परंपरा चली आ रही है। परदादा के समय से चली आ रही इस धार्मिक परंपरा को परिवार की पीढ़ियां आज भी पूरी श्रद्धा के साथ निभा रही हैं। अनुष्ठान के प्रत्येक दिन अलग-अलग परिवार यजमान बनकर बाबा भूतेश्वर नाथ की आराधना करते हैं। आयोजन को सफल बनाने में पवन कुमार भगत, कैलाश भगत, किशन कुमार, लोकनाथ भगत, रिशु भगत, गौरव प्रकाश, अभिषेक कुमार, सौरभ प्रकाश, आयुष कुमार और प्रीतम कुमार भगत समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं श्रद्धालु सक्रिय सहयोग कर रहे हैं।






