प्रशांत मंडल
लिट्टीपाड़ा (पाकुड़)। थाना क्षेत्र के फूलपहाड़ी गांव में रविवार दोपहर घास काटने के दौरान हंसुआ फेंककर लेने-देने के क्रम में हुए दर्दनाक हादसे में एक बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है। जानकारी के अनुसार, अख्तर अंसारी और मरुत अंसारी घास काटने के लिए गए थे। इसी दौरान दोनों हंसुआ एक-दूसरे की ओर फेंककर लेने-देने लगे। इसी क्रम में हंसुआ अचानक अख्तर के गले में जा धंसा। गंभीर रूप से घायल अख्तर की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक बरहेट थाना क्षेत्र के तलबड़िया गांव का रहने वाला था और लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के फूलपहाड़ी गांव स्थित अपने नाना मंसूर अंसारी के घर रह रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पाकुड़ भेज दिया। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला हादसे का प्रतीत हो रहा है। मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए हंसुआ फेंकने वाले किशोर को सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस घटना की परिस्थितियों और वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।








