Search

September 30, 2026 8:46 pm

विद्यार्थियों के भविष्य को लेकर डीसी मेघा भारद्वाज की नई पहल, ‘नव दिशा पाकुड़’ से 24 घंटे मिलेगा मार्गदर्शन।

पाकुड़। जिले के विद्यार्थियों की पढ़ाई और परीक्षा परिणाम को बेहतर बनाने को लेकर उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने शैक्षणिक व्यवस्था को नई दिशा देने की पहल की है। उनकी सोच से शुरू हुआ ‘नव दिशा पाकुड़’ अब जिले के विद्यार्थियों को जरूरत के समय 24×7 व्यक्तिगत और वर्चुअल शैक्षणिक मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उपायुक्त ने बुधवार को समाहरणालय सभागार में जिले के 24 विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों और शिक्षकों के साथ बैठक कर इस पहल की प्रगति और शैक्षणिक व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में उनका विशेष जोर इस बात पर रहा कि विद्यार्थियों की पढ़ाई केवल निर्धारित कक्षा तक सीमित न रहे, बल्कि जरूरत पड़ने पर उन्हें अतिरिक्त और व्यक्तिगत सहयोग भी मिले।

मैट्रिक-इंटर के रिजल्ट पर डीसी की सीधी नजर

उपायुक्त ने इस बार मैट्रिक और इंटरमीडिएट के बेहतर परिणाम के लिए विद्यालयों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए। कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों की पढ़ाई, विषयवार सिलेबस, निर्धारित रूटीन और पाठ्यक्रम की समयबद्ध पूर्णता की समीक्षा की गई। शिक्षकों से कहा गया कि विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति पर नियमित नजर रखें और कमजोर विद्यार्थियों को जरूरत के अनुसार अतिरिक्त कक्षा, व्यक्तिगत मार्गदर्शन और विषयवार सहयोग उपलब्ध कराएं।

24×7 सुविधा को प्रभावी बनाने पर जोर

‘नव दिशा पाकुड़’ के तहत उपलब्ध ऑनलाइन कक्षा और वन-टू-वन शिक्षण सुविधा को छात्र हित में प्रभावी बनाने पर उपायुक्त ने विशेष जोर दिया। उन्होंने संबंधित शिक्षकों को विद्यार्थियों की जरूरत के अनुरूप नियमित और गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि ‘नव दिशा पाकुड़’ महज एक शैक्षणिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जिले के विद्यार्थियों को बेहतर दिशा, अवसर और समय पर सहयोग देने की पहल है। नियमित अध्ययन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, समय पर सिलेबस पूरा करना और व्यक्तिगत मार्गदर्शन विद्यार्थियों के बेहतर परिणाम की मजबूत आधारशिला हैं। जिला प्रशासन इन सभी पहलुओं को मजबूत करने की दिशा में काम कर रहा है। बैठक में उप विकास आयुक्त, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी, एडीपीओ समेत अन्य पदाधिकारी, प्रधानाध्यापक और शिक्षक मौजूद रहे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!