पाकुड़: आगामी ईद-उल-मिलादुन्नबी पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराने को लेकर मंगलवार को नगर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों के अलावा दोनों समुदायों के प्रबुद्ध नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग शामिल हुए। बैठक में पर्व के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशासन ने जुलूस, रैली एवं अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान निर्धारित नियमों और दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि पर्व को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान अफवाह फैलाने, भड़काऊ गतिविधियों या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों पर कड़ी नजर रहेगी। सोशल मीडिया पर भी निगरानी रखी जाएगी तथा अफवाह फैलाने या माहौल खराब करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में दोनों समुदायों के लोगों ने प्रशासन को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कहा कि पाकुड़ की आपसी भाईचारे और सौहार्द की परंपरा को हर हाल में कायम रखा जाएगा। सभी ने शांतिपूर्ण तरीके से पर्व मनाने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की।








