Search

August 17, 2026 8:46 pm

आस्था और परंपरा के रंग में रंगा बागतीपाड़ा, धूमधाम से हुई मां मनसा की पूजा।

राजकुमार भगत

पाकुड़: भक्ति, परंपरा और अटूट आस्था के बीच बागतीपाड़ा स्थित प्राचीन मनसा मंदिर में सर्पों की देवी मां मनसा की पूजा-अर्चना धूमधाम से संपन्न हुई। सात दिवसीय मनसा गान के समापन के बाद संधि पूजा के साथ विधि-विधान एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार धार्मिक अनुष्ठान किए गए। मुख्य पुजारी रामू राय एवं छोटे पुजारी रतन राय ने कलश स्थापना कर पूजा-अर्चना कराई। पूजा को लेकर सुबह से ही बागतीपाड़ा और मालगोदाम रोड भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। पाकुड़ नगर के विभिन्न मोहल्लों सहित ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां मनसा के दर्शन के लिए पहुंचे। मंदिर परिसर जयकारों से गूंजता रहा। स्थानीय मान्यता के अनुसार मां मनसा को विषहरी देवी के रूप में पूजा जाता है। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि मां की आराधना से परिवार विषैले जीव-जंतुओं के भय से सुरक्षित रहता है। वर्षों पुरानी परंपरा के तहत प्रत्येक परिवार का एक सदस्य निर्जला उपवास रखकर मां की आराधना करता है और पूजा संपन्न होने के बाद ही जल ग्रहण करता है। पूजा के दौरान श्रद्धालुओं ने पूजा कलश को सिर पर धारण कर पूरे मोहल्ले का भ्रमण किया। इसके बाद मनसा माता कुंड में स्नान कर श्रद्धालु मंदिर परिसर पहुंचे। अग्निपथ पर नृत्य करते हुए मंदिर में प्रवेश करने का पारंपरिक अनुष्ठान भी आकर्षण का केंद्र रहा। शम्भू बागती, कार्तिक राय, कृतिवास राय, तपन राय, कुंदन साव, लाल्टू राय, कन्हैया रजक, आशीष राय, मरांग राय, डब्ल्यू राय, देव राय, सन्नी राय एवं गोला बागती सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।
मनसा पूजा के अवसर पर बागतीपाड़ा एवं मालगोदाम रोड में भव्य मेले का आयोजन भी किया गया। विभिन्न प्रकार की दुकानें, खिलौने और मनोरंजन के साधन लगाए गए थे। बच्चों से लेकर बड़ों तक मेले में उत्साह और उल्लास देखने को मिला। पूरे दिन क्षेत्र में चहल-पहल बनी रही।
आयोजन को सफल बनाने में प्रेमचंद साहा, असीत दास, सर्वेश्वर झा, हिसाबी राय, छोटन मेहरा, अमित घोष, बच्चु राय, गोविंद गुप्ता, रणवीर सिंह, राहुल राय, जीत राय, शुकू मंडल, बामा बागती, विधान राय एवं विष्णु राय सहित अन्य लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पूजा के दौरान श्रद्धालुओं ने सुख, शांति, समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना करते हुए मां मनसा का आशीर्वाद लिया।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!