Search

August 26, 2026 8:50 pm

विधेयक के खिलाफ लोकतांत्रिक लड़ाई लड़ेगा झामुमो, 7 सितंबर के धरना प्रदर्शन को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी।

विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने कार्यकर्ताओं को दिया जुटने का आह्वान, पंचायत स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाने की बनी रणनीति।

पाकुड़िया। प्रखंड झामुमो कार्यालय में बुधवार को प्रखंड अध्यक्ष मोतीलाल हांसदा की अध्यक्षता में पार्टी की आपातकालीन बैठक हुई। बैठक में महेशपुर विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने कार्यकर्ताओं से 7 सितंबर को प्रखंड मुख्यालय में प्रस्तावित एक दिवसीय धरना प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए अभी से पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया। बैठक में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 के विरोध में आंदोलन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने कहा कि “खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 देश के संघीय ढांचे और राज्यों के संवैधानिक अधिकारों को कमजोर करने वाला काला विधेयक है।” उन्होंने कहा कि झारखंड खनिज संपदा से समृद्ध राज्य है और राज्य की अर्थव्यवस्था में खनन राजस्व की महत्वपूर्ण भूमिका है। विधेयक के संभावित प्रभावों से राज्य के राजस्व और जनकल्याणकारी योजनाओं पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि इस विधेयक को वापस लेने के लिए लंबी लोकतांत्रिक लड़ाई लड़नी होगी। पंचायत से लेकर गांव और हाट-बाजार तक जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों को विधेयक के संभावित प्रभावों की जानकारी दें और 7 सितंबर के धरना प्रदर्शन में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि झामुमो इस लड़ाई को पूरी तरह लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से लड़ेगा।
बैठक में निर्णय लिया गया कि सभी पंचायतों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, समर्थक एवं आम लोगों को धरना प्रदर्शन में शामिल कराया जाएगा। इसके लिए पंचायत एवं गांव स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। धरना प्रदर्शन की निगरानी एवं समन्वय के लिए पंचायत स्तर पर पर्यवेक्षकों की नियुक्ति भी की गई। पार्टी ने 6 और 7 सितंबर को प्रखंड क्षेत्र में फुटबॉल, भैंसा दौड़ अथवा कुश्ती जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित नहीं करने की अपील भी की, ताकि कार्यकर्ता धरना कार्यक्रम में पूरी तरह भाग ले सकें।
जिला उपाध्यक्ष सह पर्यवेक्षक हरिवंश चौबे ने कहा कि जल, जंगल, जमीन और खनिज संपदा से जुड़े झारखंड के हितों को सर्वोपरि रखते हुए पार्टी शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन को सफल बनाएगी। वहीं प्रखंड अध्यक्ष मोतीलाल हांसदा ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से एकजुटता एवं अनुशासन के साथ कार्यक्रम की तैयारी में जुटने का आह्वान किया। बुद्धिजीवी मोर्चा के जिला अध्यक्ष देबीलाल हंसदाक ने कहा कि 7 सितंबर का धरना शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक और व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से निर्धारित समय पर प्रखंड मुख्यालय पहुंचने की अपील की। बैठक में कलम मुर्मू, महेंद्र टुडू, मुनीराम मरांडी, मुखिया सुशीला मरांडी, निवारन मरांडी, अब्दुल बनीज, शिबलाल टुडू, मैनेजर हेम्ब्रम, नेगार अंसारी, कालिदास टुडू, सुभाषनी मुर्मू, रिफाइल मुर्मू, सूरज रविदास, बुलबुल शेख, सिल्वन्ति मुर्मू, लालबाबू शेख, बिनोद भगत, विश्वजीत दास, अकबर अली, खुदू भगत, बाबुरली मरांडी, ऐनोस मुर्मू, तोहिदुल शेख, हरदेव साह, नरेश यादव, प्रेम यादव, माताहार अंसारी, सिकंदर अली, मोईन आलम, प्रसंजीत दास, नरेश हांसदा, मंजूर आलम, कन्हैया भगत, मार्थ मरांडी, टेरेसा किस्कू, ललिता सोरेन, छोटू रविदास, सागराम सोरेन, पांचू, सुनील, सनातन समेत बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद थे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!