Search

August 17, 2026 8:49 pm

सोमवारी पर उमड़ा आस्था का सैलाब, शिवालयों में गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे।

गंगाजल लेने निकला कांवरियों का जत्था।

सानू कुमार

महेशपुर: सावन की बांग्ला परंपरा के अंतिम सोमवारी पर सोमवार को पूरा महेशपुर शिवभक्ति में सराबोर रहा। प्रखंड के प्रमुख शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से मंदिर परिसर गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर विधिवत पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की। महेशपुर स्थित श्रीश्री 1008 बूढ़ा बाबा महेश्वरनाथ शिव मंदिर, ग्वालपाड़ा के नागेश्वर नाथ शिव मंदिर सहित विभिन्न शिवालयों में दिनभर भक्तों का तांता लगा रहा। मंदिरों में बज रहे भक्ति गीतों और शिव मंत्रों से पूरा माहौल भक्तिमय बना रहा।

जंगीपुर से गंगाजल लेकर पैदल आएंगे कांवरिया

अंतिम सोमवारी के मौके पर महेशपुर के सैकड़ों शिवभक्त पश्चिम बंगाल के जंगीपुर से गंगाजल लेने के लिए रवाना हुए। लेटपाड़ा के महाकाल कांवरिया संघ के नेतृत्व में कांवरियों का जत्था आकर्षक ढंग से सजाई गई विशाल कांवर के साथ बोल बम के जयकारे लगाते हुए रवाना हुआ। यात्रा शुरू करने से पहले कांवरियों ने श्रीश्री 1008 बूढ़ा बाबा महेश्वरनाथ शिव मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर बोल बम के जयघोष से गूंज उठा। कांवरियों का जत्था रविवार देर रात जंगीपुर पहुंचकर गंगा से जल भरेगा और वहां से पैदल यात्रा कर महेशपुर स्थित बूढ़ा बाबा महेश्वरनाथ मंदिर पहुंचेगा। इसके बाद कांवरिये बाबा का गंगाजल से जलाभिषेक करेंगे। जत्थे में रोहित रविदास, देव दास, शंकर लेट, कुश रविदास, लव रविदास, निताई घोष, संजय लेट, संजय घोष, मानिक लेट, विजन हालदार, राणा दास, तुषार रविदास, राज भुईमाली, रितेश वर्मा, हर्ष वर्मा, सौरभ हालदार, गौरव हालदार, सूरजु घोष, सुजीत घोष, प्रशन्न लेट, मंटू घोष, सत्यम गुप्ता, नितेश भगत, सुभाष रविदास सहित दर्जनों कांवरिया शामिल रहे।

सेवा शिविर में कांवरियों की सेवा, खीर का बंटा महाप्रसाद

शिवभक्तों की सुविधा और सेवा के लिए मंदिर कमेटी, मां काली डेकोरेशन तथा श्रीश्री 1008 बूढ़ा बाबा कांवरिया संघ की ओर से मंदिर परिसर के अलावा पश्चिम बंगाल के पाईकोर थाना क्षेत्र में सेवा शिविर लगाया गया। यहां कांवरियों और शिवभक्तों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। वहीं, संध्या आरती के बाद श्रीश्री 1008 बूढ़ा बाबा महेश्वरनाथ शिव मंदिर में श्रद्धालुओं के बीच खीर का महाप्रसाद वितरित किया गया। बड़ी संख्या में भक्तों ने महाप्रसाद ग्रहण किया। अंतिम सोमवारी पर पूजा, कांवर यात्रा, सेवा और महाप्रसाद के आयोजन से महेशपुर में देर शाम तक भक्ति की गंगा बहती रही।

img 20260817 wa00247798355054678019464
img 20260817 wa00213442593169551925861

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!