राजकुमार भगत
पाकुड़। भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और स्नेह का पर्व रक्षाबंधन शुक्रवार को पाकुड़ में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सत्य सनातन संस्था की ओर से श्री कोटेश्वर नाथ मंदिर परिसर में रक्षाबंधन उत्सव का आयोजन किया गया। वैदिक वातावरण में संस्था के कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा और प्रेम, एकता, सेवा व परस्पर सहयोग की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान रक्षाबंधन को केवल भाई-बहन के रिश्ते तक सीमित न रखते हुए इसे समाज, संस्कृति और परंपराओं की रक्षा से जोड़ने का संदेश दिया गया। कार्यकर्ताओं ने आपसी भाईचारे, सामाजिक सद्भाव और सनातन संस्कृति के संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
संस्था के संयुक्त सचिव अजय भगत ने कहा कि सत्य सनातन संस्था की ओर से पिछले छह वर्षों से रक्षाबंधन के अवसर पर यह आयोजन किया जा रहा है। रक्षाबंधन हमें रिश्तों की मर्यादा निभाने के साथ जरूरत के समय एक-दूसरे के साथ खड़े रहने और सेवा-सहयोग की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि संस्था के कार्यकर्ताओं ने गौ, गंगा, गीता और गायत्री के साथ सनातन धर्म, संस्कृति और समाज की रक्षा एवं सेवा का संकल्प लिया। यह संकल्प केवल एक दिन तक सीमित नहीं, बल्कि जीवनभर अपनी संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक मूल्यों के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश है।
इस दौरान मंदिर परिसर श्रद्धा और उत्साह से सराबोर रहा। कार्यक्रम में अजय भगत, मिंटू गिरी, अधिवक्ता संजीत मुखर्जी, सुनील साहा, टुनटुन पंडित, देवनाथ घोष समेत संस्था के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।





