Search

August 31, 2026 12:23 am

घरेलू विवाद में दामाद ने ससुर की पीटकर की हत्या, आरोपी गिरफ्तार।

प्रशांत मंडल

लिट्टीपाड़ा (पाकुड़)। थाना क्षेत्र के भातोकुंडी गांव में शनिवार देर रात घरेलू विवाद के दौरान दामाद ने अपने ससुर की कथित तौर पर मारपीट कर हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान भातोकुंडी निवासी बैदा पहाड़िया (55) के रूप में हुई है। वहीं आरोपी दामाद काबरा पहाड़िया भी इसी गांव का रहने वाला है। जानकारी के अनुसार, शनिवार रात किसी पारिवारिक बात को लेकर काबरा पहाड़िया और उसके ससुर बैदा पहाड़िया के बीच विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। आरोप है कि काबरा ने ससुर के साथ लात-घूंसों से मारपीट की। इस दौरान जमीन पर गिरने से बैदा पहाड़िया गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल पाकुड़ भेज दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दामाद काबरा पहाड़िया को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!