Search

September 3, 2026 10:38 pm

फॉलो-अप: कुछ मिनटों में तेरह लाख के जेवर समेट ले गए बदमाश, अब सुरक्षा पर सवाल, बाजार में दहशत।

अमड़ापाड़ा/पाकुड़ | मुख्य बाजार स्थित किशुन वर्मा ज्वेलर्स में हथियारबंद लूट के बाद पुलिस की जांच तेज हो गई है। करीब 13 लाख रुपए के सोना-चांदी के आभूषण लूटकर फरार हुए तीन नकाबपोश अपराधियों तक पहुंचने के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज और दूसरे संभावित सुराग खंगाल रही है। घटना के बाद आसपास के थाना क्षेत्रों को भी अलर्ट किया गया है। मामले में दुकान संचालक मनोज वर्मा के पुत्र आकाश वर्मा के लिखित आवेदन पर अमड़ापाड़ा थाना में कांड संख्या 68/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। आवेदन के अनुसार बुधवार को तीन नकाबपोश अपराधी पल्सर बाइक से दुकान पहुंचे। हथियार के बल पर उन्होंने दुकान को निशाना बनाया। जान बचाने के लिए आकाश वर्मा वहां से भाग निकले। इसी दौरान अपराधियों ने दुकान के अंदर फायरिंग भी की।
इसके बाद बदमाशों ने बेहद कम समय में दुकान में रखे सोना-चांदी के आभूषण झोले और बैग में भर लिए। बताया गया कि पूरी वारदात करीब साढ़े तीन मिनट में अंजाम दी गई। लूट के बाद अपराधी बाइक से फरार हो गए।

सीसीटीवी फुटेज से सुराग तलाश रही पुलिस

वारदात के बाद पुलिस ने मुख्य बाजार के अलावा अपराधियों के संभावित रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस अपराधियों के आने-जाने के रास्ते, बाइक और उनकी गतिविधियों से जुड़े सुराग जुटाने में लगी है। आसपास के थाना क्षेत्रों को भी सूचना देकर निगरानी बढ़ाई गई है। पुलिस का दावा है कि अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच सभी संभावित बिंदुओं पर की जा रही है।

कीमती कारोबार, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

घटना ने ज्वेलरी कारोबार की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। किशुन वर्मा ज्वेलर्स मुख्य बाजार का प्रमुख प्रतिष्ठान है, जहां बड़ी मात्रा में सोना-चांदी और अन्य कीमती आभूषणों का कारोबार होता है। इसके बावजूद घटना के समय दुकान में नियमित सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था नहीं होने की बात सामने आई है। स्थानीय कारोबारियों का कहना है कि ज्वेलरी जैसे संवेदनशील प्रतिष्ठानों में दुकान खुलने से बंद होने तक पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था जरूरी है। उनका मानना है कि कम से कम दो सुरक्षा गार्ड की तैनाती के साथ बाजार में नियमित पुलिस गश्त और सीसीटीवी निगरानी को भी मजबूत किया जाना चाहिए।

एक वारदात ने पूरे बाजार की बढ़ाई चिंता

दिनदहाड़े हथियारबंद अपराधियों के ज्वेलरी दुकान में घुसने और कुछ ही मिनटों में लाखों के आभूषण लेकर निकल जाने की घटना से बाजार के कारोबारी चिंतित हैं। व्यापारियों का कहना है कि यदि मुख्य बाजार में ऐसी घटना हो सकती है तो अन्य कीमती सामान वाले प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर भी ठोस कदम उठाने की जरूरत है। इधर, घटना के बाद दुकान संचालक मनोज वर्मा देर रात करीब 10 बजे घर पहुंचे और परिजनों से घटना की जानकारी ली। फिलहाल पुलिस लूटे गए आभूषणों की बरामदगी और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए जांच में जुटी है। अब पुलिस की कार्रवाई के साथ-साथ बाजार की सुरक्षा व्यवस्था में होने वाले बदलाव पर भी कारोबारियों की नजर है।

img 20260903 wa00437599323450005652273
img 20260903 1908165471697903297121348

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!