Search

September 8, 2026 1:45 am

डकैती के पांच दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली, स्वर्णकारों ने एसपी से लगाई गुहार।

गिरफ्तारी-बरामदगी नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी, आर्म्स लाइसेंस और टाइगर मोबाइल गश्ती शुरू कराने की मांग

पाकुड़/अमड़ापाड़ा। दो सितंबर को हथियार के बल पर ज्वेलरी दुकान में हुई डकैती के पांच दिन बाद भी अपराधियों की गिरफ्तारी और लूटे गए जेवरात की बरामदगी नहीं होने से स्वर्ण व्यवसायियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। सोमवार को राष्ट्रीय कन्नौजिया सोनार महापरिवार (RKSM) के नेतृत्व में स्वर्ण व्यवसायियों के प्रतिनिधिमंडल ने एसपी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। व्यवसायियों ने जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी, लूटे गए आभूषणों की बरामदगी और स्वर्ण दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।
संगठन के संस्थापक प्रमुख रंजीत कुमार बर्मन ने कहा कि अमड़ापाड़ा की घटना के अलावा संथाल परगना के विभिन्न क्षेत्रों में स्वर्ण दुकानों को निशाना बनाए जाने से व्यवसायियों में भय का माहौल है। उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित कर जल्द कार्रवाई करने की मांग की।

एसपी ने जल्द उद्भेदन का दिया भरोसा

प्रतिनिधिमंडल के अनुसार एसपी ने बताया कि अमड़ापाड़ा डकैती कांड में शामिल अपराधियों को पुलिस ने ट्रेस कर लिया है। जल्द ही मामले का उद्भेदन करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी और लूटे गए सामान की बरामदगी के लिए कार्रवाई की जाएगी। व्यवसायियों ने छुट्टी के दिन भी समय देकर उनकी समस्याएं सुनने के लिए एसपी के प्रति आभार जताया।

आर्म्स लाइसेंस की प्रक्रिया सरल करने की मांग

व्यवसायियों ने सुरक्षा की दृष्टि से इच्छुक स्वर्ण कारोबारियों को जल्द आर्म्स लाइसेंस उपलब्ध कराने की मांग की। उनका कहना था कि कई व्यवसायियों के आवेदन लंबे समय से लंबित हैं। ऐसे में लाइसेंस प्रक्रिया को सरल और त्वरित करने की जरूरत है।

टाइगर मोबाइल गश्ती फिर शुरू करने की मांग

पीड़ित व्यवसायी मनोज वर्मा ने बताया कि पूर्व में पुलिसकर्मी सुबह, दोपहर और शाम ज्वेलरी दुकानों पर पहुंचकर रजिस्टर में हस्ताक्षर करते थे। इससे दुकानदारों में सुरक्षा का भरोसा रहता था। व्यवसायियों ने इस व्यवस्था को फिर से शुरू करने की मांग की।

सादे लिबास में पुलिसकर्मियों की तैनाती का सुझाव

व्यवसायियों ने उन स्थानों पर सादे लिबास में पुलिसकर्मियों की नियमित आवाजाही सुनिश्चित करने का सुझाव दिया, जहां चार-पांच ज्वेलरी दुकानें आसपास संचालित होती हैं। साथ ही स्वर्ण व्यवसायियों और पुलिस प्रशासन के बीच संयुक्त बैठक कर सुरक्षा की ठोस रणनीति बनाने की मांग की गई।

जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन

RKSM ने चेतावनी दी कि यदि डकैती कांड में जल्द गिरफ्तारी और लूटे गए जेवरात की बरामदगी नहीं हुई तो स्वर्ण व्यवसायी आंदोलन करने को मजबूर होंगे। संगठन ने कहा कि लगातार आपराधिक घटनाओं से व्यवसायियों में असुरक्षा बढ़ रही है। स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो कारोबारियों के सामने क्षेत्र से पलायन तक की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!