पुलिस को देखकर भागे, SIT ने खदेड़कर पकड़ा; बाइक समेत सिल्वर पेपर और पैकिंग सामग्री जब्त।
हिरणपुर। पाकुड़ से ब्राउन शुगर लेकर हिरणपुर पहुंचे दो युवकों को पुलिस की विशेष टीम/SIT ने गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से करीब 5 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, नशीले पदार्थ को हिरणपुर में खरीद-बिक्री और सेवन के उद्देश्य से लाया गया था। पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह को मिली सूचना के बाद एसडीपीओ कुमार गौरव के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल गठित किया गया। टीम ने हिरणपुर-पाकुड़ मुख्य सड़क पर हाई स्कूल मोड़, हाथकाठी के पास वाहन जांच के दौरान पाकुड़ की ओर से बाइक पर आ रहे दो युवकों को देखा। पुलिस को देखते ही दोनों भागने लगे, लेकिन टीम ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवा दत्ता (सुंदरपुर) और मो. जियाउल अंसारी (कमलघाटी), थाना हिरणपुर के रूप में हुई है। तलाशी में सिगरेट के डिब्बे में पैक करीब 5 ग्राम ब्राउन शुगर, बिना नंबर की हीरो ग्लैमर बाइक और सिल्वर पेपर बरामद किया गया। मामले में हिरणपुर थाना कांड संख्या 65/2026 के तहत NDPS एक्ट की धारा 21(a)/29 में प्राथमिकी दर्ज कर दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।








