डीसी के निर्देश पर शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर विशेष अभियान, सड़क घेरने वालों को चेतावनी।
पाकुड़। सड़क किनारे अतिक्रमण और यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ मंगलवार को जिला प्रशासन ने विशेष अभियान चलाया। उपायुक्त मेघा भारद्वाज के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी मो. मोजाहिद अंसारी और यातायात प्रभारी राकेश कुमार रंजन के नेतृत्व में डीसी आवास चौक से अंबेडकर चौक, प्यारादापुर, मौलाना चौक, चाचकी, रेलवे फाटक, गांधी चौक और हरिनडांगा चौक समेत प्रमुख मार्गों पर कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान सड़क घेरकर दुकान, गैराज या वाहन खड़ा करने वालों को सख्त हिदायत दी गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सड़क पर अतिक्रमण कर यातायात बाधित करने वालों पर जुर्माना के साथ सामान जब्ती और अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बिना नंबर प्लेट वाहन दौड़ाया तो कार्रवाई
वाहन जांच में आगे और पीछे नंबर प्लेट नहीं लगाने वाले वाहन चालकों को चेतावनी दी गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि टोटो और ऑटो में भी आगे-पीछे नंबर प्लेट अनिवार्य है। नियम तोड़ने पर जुर्माना और अन्य कार्रवाई होगी। जांच के दौरान दो टोटो और एक जुगाड़ गाड़ी जब्त की गई। जिला परिवहन पदाधिकारी ने दुकानदारों, गैराज संचालकों और संस्थानों से सड़क किनारे अतिक्रमण नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण से जाम के साथ दुर्घटना का खतरा बढ़ता है। जिला प्रशासन का अतिक्रमण नियंत्रण और सड़क सुरक्षा अभियान आगे भी जारी रहेगा।







