आलमगीर आलम के नेतृत्व में दिल्ली रवाना हुए पाकुड़-साहिबगंज के कांग्रेस कार्यकर्ता, ट्रेन में ही मनाई पूर्व प्रधानमंत्री की पुण्यतिथि।
पाकुड़। कांग्रेस की राजनीति में अपने नेताओं के प्रति सम्मान और उनके विचारों के प्रति प्रतिबद्धता की झलक एक बार फिर देखने को मिली। दिल्ली जाने के दौरान ब्रह्मपुत्र मेल ट्रेन में पाकुड़ और साहिबगंज के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री एवं कांग्रेस की दिग्गज नेता स्वर्गीय इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि मनाई। ट्रेन में सफर के बीच कार्यकर्ताओं ने मोबाइल पर उनकी तस्वीर देखकर श्रद्धांजलि अर्पित की और देश के प्रति उनके योगदान, साहस तथा मजबूत नेतृत्व को याद किया।दरअसल, पूर्व मंत्री आलमगीर आलम के नेतृत्व में पाकुड़ और साहिबगंज के कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली रवाना हुए हैं। इसी यात्रा के दौरान 31 अक्टूबर को इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर कार्यकर्ताओं ने अपने नेता को याद करना नहीं भूला। बिना किसी औपचारिक आयोजन और तामझाम के ट्रेन के भीतर ही श्रद्धांजलि देकर उन्होंने पार्टी के इतिहास और नेतृत्व के प्रति अपनी भावनाएं जाहिर कीं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का यह दल एक नवंबर को दिल्ली में प्रस्तावित राजनीतिक कार्यक्रम में शामिल होगा। राहुल गांधी के नेतृत्व में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आवाज बुलंद करने और उनके इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्षी दलों के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के जुटने की तैयारी है। इस मुद्दे पर विभिन्न विपक्षी दलों ने भी समर्थन जताया है। इस दौरान पाकुड़ जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्रीकुमार सरकार, प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष मानसारुल हक, जिला उपाध्यक्ष गोलम अहमद उर्फ बकुल, जिला उपाध्यक्ष असद हुसैन और सोशल मीडिया चेयरमैन पियारूल इस्लाम सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। दिल्ली कूच के बीच ट्रेन में मनाई गई पुण्यतिथि ने यह संदेश दिया कि राजनीतिक गतिविधियों के साथ-साथ कांग्रेस कार्यकर्ता अपने संगठन के इतिहास और पुराने नेतृत्व को भी याद रखना अपनी जिम्मेदारी समझते हैं।






