पाकुड़। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर झामुमो कार्यकर्ताओं ने सोमवार को पाकुड़ में विरोध प्रदर्शन किया। जिला कार्यालय से शिबू सोरेन चौक तक आक्रोश मार्च निकालकर कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी की और उनका पुतला फूंका। जिला उपाध्यक्ष हाजी समद अली और हरिवंश चौबे के नेतृत्व में निकले मार्च में कार्यकर्ताओं ने “ज्ञानेश कुमार मुर्दाबाद”, “गद्दी छोड़ो” और “मुख्य चुनाव आयुक्त की मनमानी नहीं चलेगी” जैसे नारे लगाए। सभा में नेताओं ने SIR और चुनाव आयोग के विभिन्न फैसलों पर सवाल उठाते हुए कहा कि आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर पार्टी में गंभीर असंतोष है। जिला उपाध्यक्ष हाजी समद अली, हरिवंश चौबे, जिला सचिव माईकिल मुर्मू और पूर्व जिलाध्यक्ष सह केंद्रीय सदस्य श्याम यादव ने मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने की मांग राष्ट्रपति से की। प्रदर्शन में जिला एवं प्रखंड कमेटी के पदाधिकारियों के अलावा महिला, युवा, अल्पसंख्यक और छात्र मोर्चा के कार्यकर्ताओं समेत सैकड़ों लोग शामिल हुए।







