राष्ट्रीय एकता दिवस पर उपायुक्त मेघा भारद्वाज और एसपी अनुदीप सिंह ने दी श्रद्धांजलि, जिलेवासियों से आपसी सौहार्द और भाईचारा बनाए रखने की अपील
पाकुड़। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती शनिवार को पाकुड़ में राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर बैंक कॉलोनी स्थित सरदार पटेल की प्रतिमा पर उपायुक्त मेघा भारद्वाज और पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह समेत जिले के वरीय अधिकारियों ने माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी। उनके विचार और आदर्श आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि समाज में आपसी सौहार्द, भाईचारा और एकजुटता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। जिले के सभी समुदायों को आपसी समन्वय और सहयोग के साथ आगे बढ़ते हुए विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।
उन्होंने जिलेवासियों से सामाजिक एकता को मजबूत करने और सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने की अपील करते हुए कहा कि आपसी सहयोग और सद्भाव से ही जिले को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। माल्यार्पण कार्यक्रम में परियोजना निदेशक आईटीडीए अरुण कुमार एक्का, अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन, एसडीओ साइमन मरांडी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अमित कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी प्रीतिलता मुर्मू, जिला खेल पदाधिकारी राहुल कुमार, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अमरेंद्र चौधरी समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद थे। राष्ट्रीय एकता दिवस पर अधिकारियों ने देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया।









